उत्तराखंड में आयोजित 38वें नेशनल गेम में देशभर के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे है। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली विधानसभा में चुनाव प्रचार से वापस लौटते ही देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही भोजन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के दौरान खिलाड़ियों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
सीएम धामी ने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों से बात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में शूटिंग रेंज का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “हमारी सरकार द्वारा खिलाड़ियों और आगंतुकों को हर संभव सुविधा प्रदान की जा रही है। हमारा प्रयास है कि देश भर के सभी खिलाड़ी देवभूमि उत्तराखण्ड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं।”
हमारी सरकार द्वारा खिलाड़ियों और आगंतुकों को हर संभव सुविधा प्रदान की जा रही है। हमारा प्रयास है कि देश भर के सभी खिलाड़ी देवभूमि उत्तराखण्ड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। pic.twitter.com/KfEcgxa9eu
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 4, 2025
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों की अच्छी शुरुआत हुई है। राज्य सरकार का प्रयास है, कि सभी खिलाड़ी देवभूमि उत्तराखंड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। उन्होंने कहा, कि राष्ट्रीय खेल का अनुभव राज्य के लिए काफी कारगर साबित होगा। सीएम धामी ने कहा, कि हर राज्य के खिलाड़ियों को वहां के खान-पान के हिसाब से भोजन उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं।
उल्लेखनीय है, कि उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर इतिहास रच दिया है। 35 खेल स्पर्धाओं में देशभर के लगभग दस हजार खिलाड़ी 3674 पदकों के लिए अपनी क्षमताओं का दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें, कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने मार्शल आर्ट प्रतियोगिता वुशु में बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत एक गोल्ड सहित 12 पदक जीतकर रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
38वें राष्ट्रीय खेलों में हो रही प्रतियोगिताओं में प्रदेश को एक स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक मिले है। जबकि, इससे पहले 2023 में गोवा में हुए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को वुशु में मात्र एक कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। यह मेडल हर्षित शर्मा ने जीता था, जिन्होंने इस बार उत्तराखंड के लिए रजत पदक जीता है।