
पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में हाल ही में हुई बारिश और बर्फबारी से सर्दी में इजाफा हुआ है। प्रदेश में इन दिनों सुबह-शाम समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का अहसास हो रहा है। वहीं मौसम विभाग ने मौसम में बदलाव होने से राज्य के 4 जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम करवट बदल सकता है। उत्तराखंड के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। खासतौर पर उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।
बता दें, प्रदेश में बीते दिनों पर्वतीय जनपदों में ठीकठाक बारिश हुई थी, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई। वहीं दिन में चटक धूप निकलने से तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। प्रदेश में दिन भर हवा चलने से लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा तो नहीं लग रहा, लेकिन सुबह-शाम ठंड बरकरार है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 20 फरवरी को कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी भी सकती है। जबकि राजधानी देहरादून में मौसम साफ रहने के साथ ही आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 26°C व 10°C के करीब रहने की संभावना है।