
CM धामी ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना, (फोटो साभार: @OfficeofDhami)
देहरादून के कई इलाक़ों में लगभग 100 लोग कुट्टू का आटा खाने बीमार पड़ गए। फूड प्वाइजनिंग के शिकार लोगों को कोरोनेशन और दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने देहरादून जिला अस्पताल में जाकर बीमार हुए लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल प्रशासन को दिशा निर्देश दिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फूड प्वाइजनिंग की इस घटना के कारणों की जांच के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने स्थानीय प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया, कि 66 मरीजों को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि 44 मरीजों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि फिलहाल सभी मरीजों का स्वास्थ्य सामान्य है। उन्होंने सख्त चेतवानी देते हुए कहा, कि इस मामले में शामिल दोषियों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह राजकीय कोरोनेशन अस्पताल जाकर कुट्टू का आटा खाने के कारण भर्ती हुए मरीजों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को मरीजों को समुचित उपचार देने के निर्देश दिए। pic.twitter.com/yKV0fjNRvn
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) March 31, 2025
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को उपवास के बाद इन लोगों ने कुट्टू के आटे से बना भोजन ग्रहण किया था। इसके बाद इन लोगों के पेट में दर्द होने लगा और चक्कर आने लगे। इस बीच कई लोगों को चक्कर आने और उल्टी की शिकायत के बाद कोरोनेशन और दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है, कि कुट्टू के आटे की सप्लाई विकासनगर से की गई थी।
वहीं फूड प्वाइजनिंग की घटना के बाद देहरादून पुलिस ने उक्त प्रकरण की जांच की, तो जानकारी मिली, कि विकासनगर क्षेत्र के एक ट्रेडर्स जिसका शिमला बायपास पटेल नगर क्षेत्र में भी गोदाम है, उक्त स्टोर ने कुट्टू का आटा खरीदा था। गोदाम से विकासनगर, पटेलनगर, कोतवाली क्षेत्र से देहरादून के विभिन्न स्टोरों, गोदामों में कुट्टू का आटा वितरित किया गया था।
दून पुलिस के अनुसार, संबंधित दुकानों, गोदामों से उक्त कुट्टू के आटे को जब्त किया गया है और लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आमजन से अनुरोध किया है, कि जिनके द्वारा विकासनगर, पटेलनगर, कोतवाली के उक्त गोदाम या दुकानों से कुट्टू का आटा क्रय या वितरित किया गया है, कृपया वह सभी उक्त कुट्टू के आटे का सेवन न करें। साथ ही कुट्टू के आटे की प्रमाणिकता जांच के उपरांत ही उसका सेवन करें।