
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी 2025 को वोट डाले गए। मतदान के बाद अब एग्जिट पोल के सर्वे सामने आने लगे है। बता दें, कि चुनाव परिणाम 8 फरवरी को घोषित किये जाएंगे। ज्यादातर एग्जिट पोल्स में भारतीय जनता पार्टी और AAP पार्टी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही हैं। 11 एग्जिट पोल के सर्वे में 9 में भाजपा सरकार बना रही है, जबकि 2 पोल्स में AAP पार्टी हैट्रिक लगा रही है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में असेंबली के चुनाव संपन्न होने के बाद अब सभी को 8 फरवरी का बेसब्री से इंतजार है। नतीजे से पहले MATRIZE के एग्जिट पोल में बीजेपी 35-40 तो AAP को 32-37 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही हैं। वहीं कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने के आसार हैं।
चाणक्य स्ट्रैटजी के एग्जिट पोल के सर्वेक्षण में बीजेपी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना रही है। बीजेपी को 39-44 सीटें मिल सकती है। आप 25-28 सीटों पर सिमट सकती है। कांग्रेस को 2-3 सीटों पर जीत मिलने की संभावना दिख रही है। वहीं पी-मार्क के सर्वे में भाजपा को 39-49,जबकि AAP को 21-31 सीटों का अनुमान जताया गया है। वहीं WeePreside के एग्जिट पोल में AAP पार्टी हैट्रिक लगाते हुए तीसरी बार सत्ता में लौट रही है। उसे 46 से 52 सीटें और बीजेपी को 18 से 23 सीटें मिल सकती है।
Congress exit poll data looking like FIFA WC score prediction by Paul the Octopus pic.twitter.com/CDtPd53pz7
— Trendulkar (@Trendulkar) February 5, 2025
वहीं एक अन्य एग्जिट पोल डायरी के अनुसार AAP पार्टी को 18-25 सीटें मिल सकती है। वहीं बीजेपी 42-50 सीटें हासिल कर सरकार बना सकती है। जबकि कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है। पीपुल्स इनसाट के अनुसार, बीजेपी को 40 से 44 सीटें मिल सकती हैं। आप को 25 से 29 सीटें मिलने का अनुमान है।
कुल मिलाकर ज्यादातर एग्जिट पोल के सर्वे से यह तो सपष्ट है, कि इस बार बीजेपी AAP पार्टी को कड़ी टक्कर दे रही है। विधानसभा की 70 सीटों पर कराए गए एक चरण में 5 बजे तक 57.70 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। गौरतलब है, कि 15 सालों तक लगातार दिल्ली पर शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी के लिए एग्जिट पोल के सर्वे उत्साहित करने वाले नहीं हैं, वहीं 12 साल से दिल्ली की सत्ता में काबिज AAP पार्टी का सिंहासन डोलता हुआ दिखाई दे रहा है।
बता दें, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री आतिशी मर्लेना कर रही हैं। AAP पार्टी ने लगातार 2013, 2015, 2020 में प्रचंड जीत हासिल की और अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री का ताज पहना।
हालांकि, शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी केजरीवाल को मार्च 2024 में जेल जाना पड़ा। सितंबर महीने तक जेल से सरकार चलाने के बाद जब वो जमानत पर बाहर आए, तो उन्होंने सीएम पद छोड़ दिया और आतिशी को नया सीएम बनाया था।