
राहुल गाँधी के साथ हिमानी नरवाल (चित्र साभार: जागरण)
हरियाणा के रोहतक जिले में बीते शनिवार (1 मार्च 2025) को बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता की लाश बरामद हुई है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय हिमानी नरवाल के रूप में हुई। हिमानी चार दिन से घर नहीं आई थी। उन्होंने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर अपनी आखिरी पोस्ट डाली थी। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने हिमानी की मौत की उच्चस्तरीय जाँच की माँग की है।
गौरतलब है, कि वारदात ऐसे समय पर सामने आई, जब रविवार 2 मार्च को हरियाणा में 33 नगर निकायों के लिए वोटिंग होने वाली हैं। बताया जा रहा है, कि एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े होने के कारण हिमानी निकाय चुनावों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही थी। पुलिस के अनुसार, सांपला बस स्टैंड के पास नीले रंग का एक लावारिस सूटकेस पड़ा हुआ था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सूटकेस खोला, तो उसमें से एक युवती की लाश बरामद हुई। पुलिस ने बताया, कि मृतका के हाथों में मेहंदी लगी हुई थी और गले में दुपट्टा बँधा हुआ था। शव के मुँह पर खून लगा हुआ था और चेहरा नीला पड़ा हुआ था। युवती की पहचान पहचान कांग्रेस महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के तौर पर हुई।
पुलिस ने अंदेशा जताया है, कि हिमानी का कत्ल दुपट्टे से गला घोंटकर की गई है। शव की स्थिति से अंदाजा लगाया जा रहा है, कि हत्या से पहले पीड़िता की बेहद निर्ममता से पिटाई की गई होगी। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया होगा। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को सूटकेस में डालकर अंधेरे में सुनसान एरिया में फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हिमानी की मौत के बाद से उसका मोबाइल फोन गायब है। पुलिस को मोबाइल से हिमानी के अंतिम लोकेशन और किसी से बात करने समेत अन्य खुलासे की उम्मीद है। बताया जा रहा है, कि तीन दिन पहले हिमानी रोहतक के एक गाँव में शादी में शामिल होने के लिए गई थी, इसलिए उसके हाथों में मेहंदी लगी थी। शादी के बाद से ही वह लापता चल रही थी।
पुलिस फिलहाल इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल सके। जानकारी के अनुसार, हिमानी रोहतक में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर की थी। इनमें से कई तस्वीरें भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की भी है।
भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, हिमानी के बड़े भाई की भी 12 साल पहले हत्या कर दी गई थी। वहीं, लगभग 10 साल पहले हिमानी के पिता शेर सिंह नरवाल ने भी फाँसी लगाकर खुदखुशी कर ली थी। इसके बाद हिमानी की माँ उसे और उसके छोटे भाई जतिन को लेकर दिल्ली चली गई थी। करीब पाँच महीने से हिमानी रोहतक में अकेली रह रही थी।