
प्रतीकात्मक चित्र
पड़ोसी मुल्क श्रीलंका से अजब-गजब मामला सामने आया है। खबर है, कि एक बंदर के उत्पात के चलते श्रीलंका में ब्लैकआउट हो गया, जिसके चलते पूरा देश अंधेरे में डूब गया। दरअसल, कोलंबो के बिजली ग्रिड से जुड़े ट्रांसफार्मर के संपर्क में एक बंदर आ गया। इसके चलते बिजली की आपूर्ति में गड़बड़ी पैदा हो गई। इससे श्रीलंका को बिजली देने वाला एक कोयला चालित पॉवर प्लांट भी फेल हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते रविवार (9 फरवरी, 2025) को देश भर में लगभग 6 घंटे तक बिजली गुल रही। पहले तो लोगों ने इसे एक सामान्य पावर कट ही माना, लेकिन बाद में जानकारी मिली, कि पावर कट से एक शहर नहीं बल्कि पूरा देश ही अंधेरे में डूब गया है। ब्लैकआउट की वजह से कोलंबो समेत देश के कई हिस्सों में बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप पड़ गई।
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना की वजह से छह घंटों तक पूरे देश में बिजली बाधित रही। देश के कई हिस्सों में फिर बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है। वहीं श्रीलंका की जनता इस बात की आलोचना कर रही है, कि एक बंदर कैसे पूरे देश के सिस्टम में असंतुलन पैदा कर सकता है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर टिप्पणियाँ कर रहे है।
गौरतलब है, कि ऐसा पहली बार नहीं है, जब श्रीलंका को ब्लैकआउट का सामना करना पड़ा हो। वर्ष 2022 में श्रीलंका जब वित्तीय संकटो से जूझ रहा था, तो लोगों को महीनों तक 10-12 घंटों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा था। उस समय श्रीलंका को खाद्य और ईंधन सहित कई आवश्यक चीजों के आयात के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था।