![](https://www.rastradhwani.com/wp-content/uploads/2025/02/PM-Modi-reached-BJP-headquarters.jpg)
पीएम मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, (चित्र साभार: X/@BJP4India)
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रचंड जीत के लिए दिल्ली की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उल्लेखनीय है, कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके भारतीय जनता पार्टी ने बीते 27 साल से चले आ रहे सूखे को खत्म कर दिया है। भारी बहुमत से चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
दिल्ली विधानसभा में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत यमुना मैया की जय के नारे के साथ की। उन्होंने कहा, “मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली की पहचान बनाएंगे। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।”
मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली की पहचान बनाएंगे।
हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।
– पीएम श्री @narendramodi
पूरा देखें: https://t.co/KUHaN0Zvq2 pic.twitter.com/romGd44shy
— BJP (@BJP4India) February 8, 2025
पीएम मोदी ने कहा, कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है -आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है कि हमारी दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये लघु-भारत है। दिल्ली, एक भारत – श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। उन्होंने कहा, आज इसी विविधता वाली दिल्ली ने भाजपा को प्रचंड जनादेश का आशीर्वाद दिया है। दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं, जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।”
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, कि जब हर एक का साथ मिलता तो हर दिल्लीवासी को मेरी गारंटी है, कि सबका साथ, सबका विकास, पूरी दिल्ली का विकास होगा। दिल्ली के विजय उत्सव के साथ अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भाजपा को अभूतपूर्व मत दिया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण को चुन रहा है।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा, कि ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में एक के बाद एक पार्टी ने जीत हासिल की है। मैं दिल्ली की जनता को बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा, “इस चुनाव और इससे पहले के लोकसभा चुनाव, दोनों में ही दिल्ली की जनता ने एक स्पष्ट संदेश दिया है। लोकसभा में आपने 7 की 7 सीटों पर भाजपा को विजयश्री दिलाई और इस विधानसभा चुनाव में आपने 48 सीटों पर विजय दिलाई। ये नतीजे स्पष्ट संदेश देते हैं कि दिल्ली के दिल में मोदी बसते हैं।”
इस चुनाव और इससे पहले के लोकसभा चुनाव, दोनों में ही दिल्ली की जनता ने एक स्पष्ट संदेश दिया है।
लोकसभा में आपने 7 की 7 सीटों पर भाजपा को विजयश्री दिलाई और इस विधानसभा चुनाव में आपने 48 सीटों पर विजय दिलाई।
ये नतीजे स्पष्ट संदेश देते हैं कि दिल्ली के दिल में मोदी बसते हैं।
— BJP (@BJP4India) February 8, 2025
गौरतलब है, कि सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने कई फैक्टर्स पर काम किया। दिल्ली की जनता ने पीएम मोदी की गारंटियों पर भरोसा दिखाते हुए 5 फरवरी को कमल का बटन दबाया। जिसके परिणाम स्वरुप दिल्ली में भाजपा 48 सीट जीत रही है, जबकि आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटों पर सिमटती हुई नजर आ रही है। वहीं पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में APP पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल की थी।