
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, (फोटो साभार: X/@Arabbeau)
सऊदी अरब ने हज और उमराह के लिए पाकिस्तान समेत 14 मुल्कों से आने वाले यात्रियों के लिए वीजा जारी करने पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है। सऊदी प्रशासन के अनुसार, इन देशों से आने वाले कई लोग वीजा नियमों का उचित पालन नहीं करते है और हज में बिना रजिस्ट्रेशन किए ही शामिल हो जाते है। बताया जा रहा है, कि यह प्रतिबंध जून के मध्य तक लागू रहेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सऊदी सरकार ने एक्शन लेते हुए चेतावनी जारी की है, कि अब बगैर पंजीकरण के हज में शामिल होने पर पाँच साल तक सऊदी अरब में प्रवेश पर बैन लगा दिया जायेगा।
Saudi Arabia has revised its visa policies for travelers from 14 countries including Pakistan, restricting multiple-entry visas for business, tourism, and… https://t.co/zJ5Kmcz3MX pic.twitter.com/rx3tkr3Vrd
— Jirjees Ahmed (@jirjees) April 5, 2025
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अधिकारियों को हज यात्रा के सुरक्षित और सुविधाजनक संचालन को सुनिश्चित करने के लिए वीजा नियमों को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए है। जिन वीजा पर रोक लगाई गई है, उनमें उमराह वीजा के साथ-साथ बिजनेस और फैमिली विजिट वीजा भी शामिल हैं।
सऊदी सरकार ने अधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है, कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, मिस्र, मोरक्को, इथियोपिया, अल्जीरिया, इराक, जॉर्डन, सूडान, ट्यूनिशिया, यमन और भारत के नागरिकों के लिए वीजा पर पाबंदी लगाई है। अब इन देशों के मुस्लिम नागरिकों को 13 अप्रैल, 2025 तक ही उमराह वीजा मिलेगा। इसके बाद हज खत्म होने तक वीजा जारी नहीं किया जाएगा।
सऊदी प्रशासन ने यह फैसला यात्रियों को वैध आधिकारिक अनुमति के बिना हज करने का प्रयास करने वालो को रोकने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बिना पंजीकरण के शामिल होने वाले यात्रियों से अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था फैलती है, जिससे किसी अनहोनी की संभावना बनी रहती हैं। इसके साथ यह भी देखने में आया है, कि कुछ लोग हज या उमराह की आड़ में भीख माँगने जैसे कृत्य में भी शामिल पाए गए हैं।
गौरतलब है, कि सऊदी अरब ने पिछले साल उमराह और हज की आड़ में पाकिस्तान से आने वाले भिखारियों को लेकर कई बार गंभीर चिंता जताई थी। पाकिस्तान के एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, “सऊदी हज मंत्रालय ने पाकिस्तान के धार्मिक मामलों के मंत्रालय को चेतावनी जारी की, जिसमें पाकिस्तानी भिखारियों को उमराह वीजा के तहत राज्य में प्रवेश करने से रोकने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था।”
वहीं वर्ष 2024 के हज के दौरान अत्यधिक भीड़ और भीषण गर्मी के चलते लगभग 1301 यात्रियों की मौत हुई थी। सऊदी प्रशासन की जांच रिपोर्ट्स में सामने आया था, कि नियम तोड़ने वाले यात्रियों के कारण ये दुर्घटना हुई थी। बिना पंजीकरण वाले यात्रियों की वजह से भारी भीड़ बढ़ी, जिससे स्वास्थ्य और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था चरमरा गई।
इसी के मद्देनजर 2025 की आगामी हज यात्रा में व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीजा पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। बता दें, कि इस्लाम के 5 स्तंभों में से हज मुख्य स्तंभ माना जाता है। जो मुस्लिम लोग शारीरिक और आर्थिक तौर पर सक्षम हैं, उनके लिए हज पर जाना अनिवार्य होता है।