
(फोटो साभार : CM Office Uttarakhand twitter) फाइल चित्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन के पर्व से पहले राज्य की महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत महिला समूहों के निर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पाद को ब्लॉक स्तर पर बाजार मिलने से जहां एक ओर महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिये एक मंच मिल सकेगा, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के उत्पादों को एक नई पहचान भी मिलेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रक्षा बंधन से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला समूहों को “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” के रूप में सौगात दी है। इस योजना को मुख्यमंत्री धामी द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। योजना का संचालन महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा।
रक्षा बंधन से पहले मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami ने प्रदेश के महिला समूहों को 'मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना' के रूप में तोहफा प्रदान किया है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश में कार्यरत तमाम महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) August 22, 2023
इस योजना के माध्यम से प्रत्येक विकास खंड में महिला समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों की किसी सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शनी लगवाकर महिला समूहों को विपणन के लिए समुचित अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। महिला समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री को ब्लॉक स्तर पर बाजार मिलने से जहां उनको अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक मंच मिल सकेगा, वहीं दूसरी ओर उत्पादों को एक नई पहचान भी मिलेगी।
बता दें, राज्य में वर्तमान में कई महिला समूह कार्यरत है। जिनके द्वारा विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जाता है। हालांकि, कई बार सही बाजार उपलब्ध ना होने के कारण बेहद मुश्किलों का सामना भी करना पड़ता है। इसी क्रम में अब राज्य में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ का शुभारंभ किया गया है।