
CM धामी ने हल्द्वानी पहुंचकर जाना घायलों और पीड़ितों का हाल-चाल, (तस्वीर साभार: @pushkardhami)
गुरुवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसक घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री धामी इस मामले में पल-पल अपडेट ले रहे है। इसी क्रम में शुक्रवार (9 फरवरी 2024) को हल्द्वानी पहुंचे सीएम धामी ने घायलों व पीड़ितों का हाल-चाल जाना। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों से इस मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा, कि अतिक्रमण हटाने का काम कोर्ट के आदेश पर पहले से हो रहा था, लेकिन यह हमला सुनियोजित था। जिस तरह से हमारी पुलिस पर हमला हुआ है। यह बहुत ही दुख की बात है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, यह देवभूमि है। इन लोगों ने कानून तोड़ा है और देवभूमि की छवि को खराब करने का काम किया है। कई पत्रकारों को भी बुरी तरह से पीटा गया है। जिस तरह से उनकी हत्या का प्रयास हुआ है। जिन लोगों ने संपत्ति जलाई है। वीडियो फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी पहुंचकर बनभूलपुरा में हुई घटना में घायल महिला पुलिस दल समेत अन्य पुलिसकर्मियों, प्रशासन, नगर निगमकर्मी और पत्रकार साथियों का हाल चाल जाना।
जिन लोगों ने क़ानून तोड़ा है एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है उनके सारे वीडियो फुटेज और फुटप्रिंट उपलब्ध हैं।
सभी… pic.twitter.com/xQhv0txTnN
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 9, 2024
मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी हिंसा को सुनियोजित तरीके से की गई गहरी साजिश करार दिया। अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने 18 नामजद समेत पांच हजार उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटनास्थल और आसपास के इलाके से पांच शव बरामद कर लिए गए हैं। एक व्यक्ति की मौत बरेली ले जाते समय हो गई, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
प्रभावित क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बल और भारी संख्या में वाहनों के साथ फोर्स ने बनभूलपुरा इलाके में फ्लैग मार्च किया। पुलिस बनभूलपुरा में हुई हिंसा के उपद्रवियों और पत्थरबाजों की पहचान मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही है। स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर हल्द्वानी के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर स्थिति पर पैनी निगाह रखी जा रही है।
हल्द्वानी में हुए दंगे के बाद कर्फ्यू लग चुका है। ऐसे में ऊधम सिंह नगर पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। चौराहों के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों और उत्तर प्रदेश से सटे बॉर्डर पर पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसके साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर उनका सत्यापन भी किया जा रहा है।