
प्रदेश में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तराखंड में इन दिनों शुष्क मौसम के चलते गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। दिन के वक्त तेज धूप की वजह से लोगों का सड़को पर निकलना मुश्किल हो गया है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं के कारण आमजन को परेशानी हो रही है। हालांकि जल्द ही मौसम का मिजाज बदलने की संभावना व्यक्त की जा रही है और कई दिनों से चल रहे सूखे का क्रम टूटने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि देहरादून समेत पौड़ी और नैनीताल जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है, कि झोंकेदार हवाएं और हल्की बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। वहीं आने वाले दिनों की बात करें, तो ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 12 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदले रहने के आसार हैं।
Forecast/ Warning issued for Uttarakhand on 08.04.2025 pic.twitter.com/CXR4uxozgs
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) April 8, 2025
उल्लेखनीय है, कि प्रदेश में इन दिनों पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक गर्मी का कहर जारी है। अधिकांश हिस्सों में पारे में तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है। राजधानी देहरादून में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं पर्वतीय इलाकों में भी तापमान बढ़ने से गर्मी परेशान कर रही है।