
(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में शुष्क मौसम और चटख धूप की वजह से अभी से तेज गर्मी पड़ने लगी है। सूरज के तल्ख तेवरों के चलते दोपहर में तपिश बढ़ गई है और तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा रहे हैं, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। विशेषकर मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने के आसार हैं। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Forecast/ Warning issued for Uttarakhand on 26.03.2025 pic.twitter.com/LlV5irP2EN
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) March 26, 2025
मार्च के अंतिम सप्ताह में राजधानी देहरादून के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चटक धूप खिलने से मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्मी का एहसास अभी से होने लगा है।
उल्लेखनीय है, कि पिछले कुछ वर्षो में जलवायु परिवर्तन के चलते मौसम में कई बदलाव नजर आ रहे है। जिसके कारण उत्तराखंड में मार्च के आखिरी दिनों में पारा और चढ़ने की संभावना है, जबकि अप्रैल की शुरुआती दिनों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है, कि अगर बारिश की यही स्थिति रही, तो गर्मी का असर और अधिक बढ़ेगा, जिससे जल संकट की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।