
हिमस्खलन के कारण गंगोत्री हाईवे बाधित, (फोटो साभार: अमर उजाला/@latestly)
उत्तरकाशी जिले में हिमस्खलन की वजह से गंगोत्री हाईवे बाधित हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुष्टि की है, कि धराली और जांगला पुल के बीच में तीसरी बार चांग थांग में हिमस्खलन हुआ है। इस कारण गंगोत्री धाम सहित अंतरराष्ट्रीय सीमा का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। हिमस्खलन की घटना में किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
उल्लेखनीय है, कि उत्तराखंड के कई जिलों में शुक्रवार देर रात से बारिश और बर्फबारी की दौर जारी है। मैदानी जिलों में जहां बारिश हो रही है, तो वहीं अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है, कि एक महीने के अंदर इस इलाके में तीसरी बार एवलॉन्च आया है। आपदा प्रबंधन विभाग का कहना है, कि इलाके में अभी भी बर्फबारी हो रही है, इसीलिए नेशनल हाईवे को खोलने में मुश्किलें आ रही है और बर्फबारी के रुकते ही हाईवे को खोला जाएगा।
Heavy Rain in Uttarkashi, Snowfall in Higher Regions; Gangotri Highway Blocked pic.twitter.com/usHGVzHl8x
— Indian News Network (@INNChannelNews) March 15, 2025
जिस इलाके में हिमस्खलन हुआ है, वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है और हिमस्खलन की घटना कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। जिसके बाद प्रशासन को ज्ञात हुआ, कि इस इलाके में हिमस्खलन की घटना हुई है। पिछले माह 28 फरवरी को जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण डबराणी, झाला के समीप और धराली और भैरोघाटी के बीच भारी हिमस्खलन हुआ था।
मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले स्थानों में हिमस्खलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद फिर धराली से आगे चांगथांग के समीप बड़ा हिमस्खलन हुआ। बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे बंद होने से वहां पर आवाजाही बंद हो गई थी। हिमस्खलन गंगोत्री हाईवे से करीब 100 मीटर नीचे भागीरथी नदी तक हुआ था।
बता दें, कि बीते महीने 28 फरवरी को चमोली जिले के माणा में भी एवलॉन्च की घटना से बड़ा हादसा हो गया था। इस घटना में बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) के 54 मजदूर एवलॉन्च की चपेट में आ गए थे। तीन दिन तक चले बचाव अभियान में 46 श्रमिकों को बचा लिया गया था, जबकि 8 मजदूरों की इस हादसे में जान चली गई थी।