
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने संदिग्ध चाइनीज महिला को पकड़ा, (फोटो साभार: जागरण)
चंपावत जिले के बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ा है। यह महिला साध्वी के रूप में भारत की सीमा में अवैध रूप से घुसपैठ करने की कोशिश कर रही थी। महिला के पास भारत आने का वीजा नहीं था। जब महिला के पासपोर्ट की जांच की गई, तो वो चीन की नागरिक निकली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार (2 अप्रैल 2025) को देर रात लगभग दो बजे सुरक्षा बलों ने संदिग्ध लग रही एक महिला को चेक पोस्ट पर जांच के लिए रोका। पासपोर्ट के आधार पर महिला की पहचान 30 वर्षीय यांग किन्हान निवासी चीन के तौर पर हुई है। महिला ने गले में रुद्राक्ष की माला और मस्तक पर ॐ नम: शिवाय लिखा साफा लपेटा हुआ था।
पूछताछ के दौरान संदिग्ध महिला ठीक से अंग्रेजी भी नहीं बोल पा रही थी और सिर्फ मुस्कुरा रही थी। साथ ही महिला के पास भारत आने का वैध वीजा भी नहीं था। जांच के बाद एसएसबी ने चीनी महिला को कानूनी कार्रवाई के लिए भारतीय अप्रवासन विभाग को सौंपा है। इसके बाद भारतीय अप्रवासन विभाग ने उसे नेपाल की सशस्त्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया।