
रुड़की सिविल अस्पताल से फरार बदमाश गिरफ्तार,(फोटो साभार: X/@haridwarpolice)
रुड़की सिविल अस्पताल से शौच जाने के बहाने फरार हुए घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी को पुलिस ने बीते सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडियाकर्मियों को आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रुड़की सिविल अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा से फरार बदमाश को पुलिस ने सात घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही फरार होने के बाद उसके संपर्क में कौन-कौन लोग आये थे, उन्हें भी चिह्नित किया जा रहा है।
मुलजिम फरार प्रकरण में हरिद्वार पुलिस का हार्डकोर एक्शन, 07 घंटे के भीतर फरार बदमाश दबोचा
शौच
के बहाने अस्पताल से फरार हुआ था शातिर
खोज में युद्ध स्तर पर जिलेभर में चला तलाशी अभियान
मुठभेड़ में घायल बदमाश का चल रहा था उपचार
@uttarakhandcops pic.twitter.com/wvGrW36iJ6— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) April 8, 2025
बता दें, कि भगवानपुर क्षेत्र के पुहाना में फरवरी महीने में हुई लूट की वारदात में अंशुल सैनी निवासी गांव हरचंदपुर, मंगलौर फरार चल रहा था। बीते सोमवार 7 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे भगवानपुर पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी, कि बहादुरपुर रेलवे फाटक के पास से बाइक सवार दो संदिग्ध गुजर रहे हैं।
सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में लग गई थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि दूसरा आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गया था।
पुलिस ने घायल बदमाश को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती किया था। मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे घायल बदमाश कक्ष के अंदर बने शौचालय में गया था। जब काफी वक्त गुजरने के बाद भी आरोपित बाहर नहीं आया, तो पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। इस पर उन्होंने शौचालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
इसी बीच किसी ने पुलिस को बताया, कि शौचालय की खिड़की से एक युवक कूदकर फरार हुआ है। इसके बाद पूरे जिले में बदमाश की तलाश के लिए जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने रुड़की के पनियाला रोड से बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली।