
National Games 2025 में उत्तराखंड ने लगाया पदकों का शतक
राष्ट्रीय खेलों में मेजबान उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान रचा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेलों में अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। जनसंख्या की दृष्टि से देश में 21वां स्थान रखने वाला उत्तराखंड कुल पदकों के मामले में चौथे नंबर पर है। वहीं पदक तालिका में 24 स्वर्ण, 35 रजत और 43 कांस्य पदक के साथ सातवां स्थान हासिल किया है।
उल्लेखनीय है, कि उत्तराखंड ने गत वर्ष की शीर्ष पांच में रहने वाले दिल्ली, केरल, गोवा और मणिपुर जैसे बड़े राज्यों को पछाड़ दिया है। ये निश्चित रूप से राज्य के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रेल मंत्री रेखा आर्या लगातार राज्य में खेलों की अवस्थापना सुविधाओं को धरातल पर उतारने के लिए कार्य कर रहे है।
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को पहली बार मेजबानी करने का अवसर मिला। धामी सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि को दोगुना करने की पहल ने भी खिलाड़ियों में उत्साह का संचार किया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने नेशनल गेम्स के आखिरी दिन पूरा होते-होते पदकों का शतक पूरा कर लिया। उत्तराखंड ने बीते गुरुवार तक 102 मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
इस उपलब्धि पर सीएम धामी ने अपने संदेश में (X) पर लिखा, “राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक पदक जीते हैं, जिससे प्रत्येक प्रदेशवासी गौरवान्वित हुआ है। राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह के दृष्टिगत अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। निश्चित तौर पर जिस प्रकार राष्ट्रीय खेलों का भव्य उद्घाटन हुआ था, उसी प्रकार समापन कार्यक्रम भी यादगार बनेगा।”
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक पदक जीते हैं, जिससे प्रत्येक प्रदेशवासी गौरवान्वित हुआ है। राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह के दृष्टिगत अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। निश्चित तौर पर जिस प्रकार… pic.twitter.com/2eWh0Y0cdQ
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 14, 2025
28 जनवरी को शुरू हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों का आज शुक्रवार 14 फरवरी को समापन समारोह है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में सर्विसेज 68 स्वर्ण सहित 121 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। वहीं, दूसरे नंबर पर रहे महाराष्ट्र ने कुल 198 पदक जीते। इसमें 54 स्वर्ण, 71 रजत और 73 कांस्य पदक शामिल हैं। जबकि हरियाणा पदक तालिका में 48 स्वर्ण सहित 153 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर रहा।