
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने राजभवन में किया वसंतोत्सव-2025 का शुभारंभ, (फोटो साभार: X/@DDnews_dehradun)
उत्तराखंड राजभवन में वसंतोत्सव 2025 का शुभारंभ हो गया है। आगामी तीन दिनों तक आम जनों के लिए उत्तराखंड राजभवन के द्वार खोल दिए गए है। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने औषधीय गुणों से भरपूर पौधे ‘जटामांसी’ पर विशेष डाक आवरण का विमोचन किया और डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
उत्तराखंड राजभवन में आज शुक्रवार (7 मार्च 2025) को ‘वसंतोत्सव-2025’ का रंगारंग शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है, कि राज्यपाल के निर्देशन में इस वर्ष वसंतोत्सव में कई नवीन पहल शुरू की गई हैं। वसंतोत्सव – 2025 न केवल पुष्प प्रेमियों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा, बल्कि यह नवाचार और तकनीकी विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगा।
इस अवसर पर पारंपरिक लोक नृत्य, संगीत और फूलों की खुशबू से माहौल सुगंधित हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत में आईएमए, पीएसी और होमगार्ड के जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से समां बांध दिया। जौनसार से आए कलाकारों ने पारंपरिक हारूल नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोरखा राइफल्स के जवानों ने खुखरी नृत्य के माध्यम से अपनी अद्भुत शारीरिक और मानसिक शक्ति का प्रदर्शन किया।
राज्यपाल ने पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न स्कूलों के बच्चों से मुलाकात की और उनकी पेंटिंग की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने वसंतोत्सव में लगी फूलों की प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उनके बारे में जानकारी ली।
#WATCH | देहरादून | उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राजभवन में वसंतोत्सव-2025 का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम 9 मार्च तक चलेगा। pic.twitter.com/h9POJwSAAv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 7, 2025
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा, कि उत्तराखण्ड को प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत का अनमोल उपहार मिला है। यहां के पुष्प न केवल सौंदर्य और विशिष्टता में अद्वितीय हैं, बल्कि राज्य को ‘पुष्प प्रदेश’ के रूप में स्थापित करने की असीम संभावनाएं भी रखते हैं।
उन्होंने कहा, कि उत्तराखण्ड में शहद, सुगंधित पौधों और फूलों के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं, जो राज्य की आर्थिक समृद्धि और ग्रामीण विकास में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती हैं।
राज्यपाल ने कहा, कि वसंतोत्सव-2025 में इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आगंतुक गणना और क्यूआर कोड फीडबैक सिस्टम जैसी नई पहल की गई हैं। राज्यपाल ने प्रदेश के नागरिकों से अपील करते हुए कहा, कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लें, उत्तराखण्ड के पुष्पों की विलक्षणता का अनुभव करें और प्रकृति के इस अद्भुत उत्सव का आनंद लें।
बता दें, कि राजभवन अब तीन दिन तक रंग-बिरंगे पुष्पों से सुशोभित रहेगा। पहले दिन दोपहर 1 बजे से 6:00 बजे तक राज भवन में फूलों की खूबसूरती का दीदार किया जा सकता हैं। इसके बाद 8 और 9 मार्च को प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रंग-बिरंगे फूलों की प्रकृति का आनंद उठा सकते है।