
पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर,(तस्वीर साभार:अमर उजाला)
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदानी इलाको में बादलों का डेरा है और सुबह से ही चोटियों पर बर्फबारी व निचले इलाकों में रिमझिम वर्षा का सिलसिला चलता रहा। जिससे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। इससे ठिठुरन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश भर में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। जबकि 1 मार्च के बाद प्रदेश भर में मौसम खुल जायेगा।
उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार सुबह से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्र गंगोत्री, हर्षिल, मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा, यमुनोत्री सहित पर्यटन स्थल सांकरी आदि स्थानों में जमकर बर्फबारी हो रही है। माँ गंगा के धाम गंगोत्री में अब तक एक फीट बर्फ गिर चुकी है। इसके साथ ही मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा में भी लगभग आधा फीट बर्फ गिर गई है।
प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात जारी है।
यदि आप बर्फ़बारी का लुत्फ उठाने हिमपात वाले स्थानों पर जा रहे हैं तो सावधानी बरतें।
आपात सहायता के लिए 112 मिलाएं।#UttarakhandPolice #UKPoliceHaiSaath pic.twitter.com/QXaaMV0iZ5
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) February 28, 2025
मौसम विज्ञान केंद्र ने 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थान पर भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पौड़ी, चंपावत और अल्मोड़ा जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने साथ ही ओलावृष्टि की संभावना जताई है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
बता दें कि बीते दिन से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। देहरादून समेत अन्य क्षेत्रों में बीते गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश का दौर शुक्रवार सुबह तक चलता रहा। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान एक दिन में आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा, जो कि सामान्य से भी चार से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।