
सीएम धामी के निर्देश पर करवा चौथ पर महिला कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित, (चित्र साभार- अमर उजाला/CM Office Uttarakhand twitter))
करवा चौथ का व्रत बुधवार 1 नवंबर 2023 को रखा जाएगा। करवा चौथ पर उत्तराखंड सरकार ने महिला कर्मचारियों को तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय, अशासकीय कार्यालयों व शिक्षा संस्थानों में महिला कर्मचारियों के लिए एक नवंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। मंगलवार 31 अक्टूबर की दोपहर सचिव विनोद कुमार सुमन द्वारा इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यालय ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी, “माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी जी के निर्देशानुसार कल 1 नवंबर 2023 को करवा चौथ के पावन अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य के अधीन शासकीय/अशासकीय कार्यालयों/शैक्षणिक संस्थानों/शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।”
माननीय मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी के निर्देशानुसार कल 1 नवंबर 2023 को करवा चौथ के पावन अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य के अधीन शासकीय/अशासकीय कार्यालयों/शैक्षणिक संस्थानों/शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
— Office Of Pushkar Singh Dhami (@OfficeofDhami) October 31, 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करवाचौथ पर अवकाश का लाभ राज्य की हजारों महिला कार्मिकों को मिलेगा। करवाचौथ पर दफ्तर में अवकाश होने से महिलाएं पूजन के लिए जरूरी खरीददारी के साथ ही पर्व की अन्य तैयारियां आराम से कर सकती है। करवाचौथ को लेकर प्रदेश भर की महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। करवाचौथ पूजन सामग्री से बाजार सजे हुए है। साथ ही ब्यूटी पार्लर में भी महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है।
करवा चौथ पर्व पर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं त्योहार के लिए खरीदारी करने लगी है। देहरादून के पलटन बाजार में मंगलवार को सुबह से ही काफी भीड़-भाड़ रही। महिलाओं ने करवाचौथ के लिए करवा, कलश, थाली, मां करवा की फोटो, माता की चुनरी की खरीदारी की। वहीं महिलाओं में त्योहार को लेकर सोने-चांदी के आभूषण और चूड़ियों का क्रेज है। आर्टिफिशियल ज्वेलरी की भी जमकर खरीद हो रही है।