
CM धामी ने भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट की (तस्वीर साभार: ANI)
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार (8 नवंबर 2023) को बदरीनाथ धाम पहुंची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 10:20 बजे बद्रीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंची। हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, श्रीबदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति ने अभिवादन स्वीकार करने का बाद उत्तराखंड स्थित भू-बैकुंठ धाम में भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर में लगभग 25 मिनट तक पूजा करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। बद्रीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बद्री विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया। इसके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की।
आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी के साथ भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल @LtGenGurmit जी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान माननीय राष्ट्रपति जी को भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति और… pic.twitter.com/ElM2mp0G3H
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 8, 2023
भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखी। मंदिर से निकलते समय उन्होंने हाथ हिलाकर बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने बदरीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा धाम में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।