
22 जनवरी को उत्तराखंड के सभी सरकारी दफ्तरों में रहेगा आधे दिन का अवकाश
देश में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही है। श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 100 घंटे से भी कम का समय बचा है। इसी क्रम में उत्तराखंड की धामी सरकार ने 22 जनवरी को अवकाश की घोषणा की है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन राज्य के सभी सरकारी दफ्तर 2.30 बजे तक बंद रहेंगे। वहीं स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में पूर्ण अवकाश के आदेश जारी किये गए है।
उल्लेखनीय है, कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद पूरे राज्य में 14 जनवरी से ही कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सभी मंदिरों और धार्मिक स्थलों में स्वछता अभियान चलाया जा रहा है। केदारनाथ धाम को 22 जनवरी के दिन 108 दीपक जलाकर जगमगाया जाएगा। देहरादून में घंटाघर पर भगवान श्रीराम का चित्र लाइट शो के जरिए चित्रित किया गया है।
अयोध्या में दिनांक 22.01.2024 को श्री राम जन्म भूमि में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत राज्य के सभी राजकीय कार्यालय, संस्थान, औद्योगिक प्रतिष्ठान एवं बैंक /कोषागार /उप कोषागार दिनांक 22 जनवरी को आधे दिन (अपराह्न 2.30 बजे तक) केन्द्र सरकार की भांति बन्द रहेंगे। pic.twitter.com/SVfjKA2zBa
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) January 19, 2024
वहीं इससे पूर्व उत्तराखंड के आबकारी आयुक्त ने 22 जनवरी को पूरे प्रदेश में शराब की सभी दुकानें और बार बंद रखने के आदेश जारी किये गए है। गौरतलब है, कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आधे दिन की छुट्टी के आदेश के बाद कर्मचारियों ने कहा है, कि क्या कर्मचारी पहले प्राण प्रतिष्ठा में भाग लेंगे और 2:30 बजे बाद अपने कार्यालय में आएंगे, जो कि असंभव है। सरकार अवकाश पर पुनर्विचार करके 22 जनवरी 2024 को पूरे दिन का अवकाश घोषित करें।