
38वें नेशनल गेम्स, (फोटो साभार: @KeralaOlympic)
38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने अपने खेल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। 28 जनवरी से आरंभ हुए 38वें राष्ट्रीय खेल राज्य के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बन रहा है। उत्तराखंड नेशनल गेम्स में 12वें दिन तक 13 स्वर्ण, 22 रजत और 25 कांस्य समेत कुल 60 पदक जीत चुका है। बता दें, कि राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में पहली बार उत्तराखंड ने पदक तालिका की सूची के टॉप-10 में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
इस उपलब्धि पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “खिलाड़ियों ने देवभूमि को गौरवान्वित किया है। देवभूमि को खेलभूमि बनाने का जो सपना हमने देखा है, खिलाड़ी उस पर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं। उम्मीद है, कि एथलेटिक्स व अन्य प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ी बड़ी संख्या में पदक जीतेंगे। पदक तालिका में हमारी स्थिति और बेहतर होगी।
शनिवार (8 फरवरी 2025) को देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी ऊषा जिम्नास्टिक कोर्ट में पहुंची। गौरतलब है, कि इससे पहले किसी भी राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड राज्य ने इतनी संख्या में पदक नहीं जीते थे। उत्तराखंड का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 गोल्ड मेडल के साथ 2002 में 32वें हैदराबाद नेशनल गेम्स में रहा था।
बता दें, कि वर्ष 2002 में हैदराबाद में आयोजित 32वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 5 गोल्ड, 1 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। इस तरह से कुल 10 मेडल के साथ अंक तालिका में उत्तराखंड 13वें स्थान पर रहा था। वहीं साल 2023 में गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 3 गोल्ड, 6 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज के साथ कुल 24 मेडल जीते थे, लेकिन केवल 3 स्वर्ण पदक जीतने के चलते अंक तालिका की सूची में उत्तराखंड 25वें स्थान पर रहा था।
38वें नेशनल गेम्स में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। 38वें नेशनल गेम्स को शुरू हुए 12 दिन हुए हैं। अब तक राज्य के खिलाड़ी कुल 60 पदक लेकर अंकतालिका में उत्तराखंड को 7 नंबर पर ला चुके हैं। अभी राष्ट्रीय खेलों के 6 दिन बचे है। बता दें, कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में कर्नाटक 30 गोल्ड मेडल के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है।