![](https://www.rastradhwani.com/wp-content/uploads/2023/10/Uttarakhand-Weather.jpg)
प्रदेश में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। ज्यादातर इलाकों में कभी चटख धूप खिल रही है, तो कभी आसमान में बादल मंडरा रहे हैं। दिन में चटख धूप खिलने से ठंड का असर कम हो रहा है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है। वहीं शुष्क मौसम के चलते पारा तेजी से बढ़ा है और मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जनपदों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इन जिलों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है, विशेषकर 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से पहाड़ी इलाकों में सर्दी बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले स्थानों में होने वाली बारिश का तापमान पर कोई खास असर देखने को नहीं मिलेगा और 13 फरवरी तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं, बीते कुछ दिन से देहरादून शहर में मौसम शुष्क रहने के साथ ही दिन में चटख धूप खिल रही है। जिससे दोपहर की धूप अभी से असहनीय होने लगी है।
Forecast/ Warning issued for Uttarakhand on 10.02.2025 pic.twitter.com/DrkFSkf23k
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) February 10, 2025
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और सुबह हल्का कोहरा छाने की आशंका है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी पारा सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस अधिक बना होने के कारण फरवरी के महीने में गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के वेग में कमजोरी आने के कारण तापमान में इस तरह की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।